ऊंचाहार। एनटीपीसी परियोजना की पांचवीं यूनिट के बॉयलर ट्यूब में रविवार की शाम रिसाव हो गया। इससे यूनिट बंद हो गई। यह यूनिट 210 मेगावाट बिजली उत्पादन करती थी। दो सप्ताह पहले छठवीं यूनिट वार्षिक मरम्मत के लिए बंद की गई थी। दो यूनिटों के बंद होने से 710 मेगावाट बिजली उत्पादन ठप हो गया है।
परियोजना में 1550 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए छह यूनिटें हैं। इनमें पांच यूनिटें 210-210 मेगावाट व छठवीं यूनिट 500 मेगावाट बिजली उत्पादन करती है। यहां से बिजली जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व चंडीगढ़ को भेजी जाती है।
रविवार को परियोजना की पांचवीं यूनिट पूरी क्षमता से काम कर रही थी। उसके बॉयलर ट्यूब में रिसाव हो गया और यूनिट बंद हो गई। परियोजना के अभियंताओं की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। बॉयलर में ताप अधिक होने के कारण मरम्मत का काम शुरू नहीं हो पाया।
मंगलवार को मरम्मत का काम शुरू होने की उम्मीद। परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी आज्ञाशरण सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण यूनिट बंद हुई है। मरम्मत के बाद जल्द चालू की जाएगी।