रायबरेली। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए स्टांप शुल्क एवं निबंधन विभाग ने प्रयास किया है। उप निबंधन कार्यालयों में लगने वाली भीड़ को कम करने और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बैनामे के लिए टोकन की व्यवस्था शुरू की है। 20 मार्च से पंजीयन के दौरान ही ऑनलाइन टोकन मिल जाएगा। टोकन में मिली तारीख व समय पर रजिस्ट्री दफ्तर पहुंचकर बैनामा कराया जा सकेगा।
रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामे के लिए डिवाइस पर अंगूठा लगाने से पहले अंगूठे को धोने की भी व्यवस्था की गई है। बैनामा दफ्तरों में काफी भीड़ रहती है। ऐसे में संक्रमण के बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। शासन से लोगों को संक्रमण वाली बीमारियों खासकर कोरोना वायरस, स्वाइन फ्लू आदि से लोगों के बचाव के लिए टोकन की व्यवस्था शुरू की है।
इसमें बैनामा के लिए मिलने वाली तारीख ही रजिस्ट्री कार्यालयों में जमीन का बैनामा कराने के लिए पहुंचना होगा। किसी कारण से तय तारीख पर बैनामा कराने नहीं पहुंच पाए तो टोकन निरस्त हो जाएगा। ऐसी स्थिति में दोबारा ऑनलाइन टोकन जनरेट करवाना होगा।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने और लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए बैनामा के लिए टोकन की व्यवस्था शुरू कराई गई है। पंजीयन कराते समय ही टोकन जनरेट हो जाएगा। तय तारीख में ही बैनामा कराने आना होगा। इससे परेशानी भी कम होगी।- प्रभाष सिंह, उप निबंधक, रजिस्ट्री कार्यालय सदर