सतांव (रायबरेली)। थाना क्षेत्र गुरुबख्शगंज में रविवार को बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इससे पिता-पुत्र की मौत हो गई है। वहीं पत्नी समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
हरचंदपुर कस्बा निवासी राजकुमार (30) अपनी पत्नी रन्नो और पांच वर्षीय बेटे रोशन के साथ बाइक से गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के कालीखेड़ा मजरे भीतरगांव जा रहा था। कृष्णपुर ताला गांव के समीप सामने से आ रहे मोटर साइकिल सवार दीपक निवासी जगदीशपुर थाना बीघापुर जनपद उन्नाव से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जतुआ टप्पा सीएचसी भेजवाया जहां राजकुमार और उसके बेटे रोशन को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।