रायबरेली। वोटरों का जोश और जब्जा इस बार ऐसा दिखा कि वर्ष 2017 का रिकार्र्ड टूट गया। वोट खूब बरसे और वोटर फस्ट डिवीजन पास हुए। पिछली बार 61.31 फीसदी मत पड़े थे, लेकिन इस बार 61.95 वोटिंग हुुई।
जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से चुुनाव निपटा। कई बूूथों पर ईवीएम की खराबी से मतदान बंद रहा।
इससे वोटरों को परेशानी हुई। सकुशल चुनाव कराने के लिए डीएम-एसपी के अलावा प्रेक्षकों की गाडिय़ां दौड़ती रही। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान होने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
जिले की सदर, ऊंचाहार, सरेनी, हरचंदपुर और बछरावां विधानसभा सीटों के लिए सुबह 2001 बूथों पर सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कराया गया। शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार बेहद धीमी रही।
सुबह नौ बजे तक 8.39 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी और शाम पांच बजे तक 58.40 फीसदी चुनाव पहुंचा। शाम छह बजे तक मतदान 61.95 फीसदी मतदान पहुंच गया।
मतदान करने के लिए वोटरों में उत्साह दिखा। चाहे फिर बुजुर्ग वोटर रहा है या फिर युवा वोटर, सब लोकतंत्र के महापर्व का हिस्सा बने। महिलाओं की संख्या भी कम नहीं रही।
उन्होंने भी बूथों पर पहुंचकर अपना विधायक चुनने के लिए मताधिकार का प्रयोग किया। पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार वोटिंग अधिक हुई।
कुछ जगहों पर छिटपुट घटनाएं हुई, लेकिन पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया। बछरावां, हरचंदपुर, सरेनी, ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम की खराबी से मतदान प्रभावित हुआ।
डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी श्लोक कुमार के अलावा प्रेक्षक बूथों का जायजा लेते रहे। सकुशल मतदान निपटने पर अधिकारियों ने राहत ली। डीएम-एसपी ने वोटरों को धन्यवाद दिया।
मतदान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दर्ज होगा केस
सरेनी विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर मतदान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। युवक ने पहले मतदान किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। युवक सपा को वोट दे रहा था। मामले में केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सब्जी नेवाजीखेड़ा गांव के एक बूथ पर शेखू नाम का एक युवक का मतदान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सीओ लालगंज महिपाल पाठक ने बताया कि शेखू नाम के युवक का मतदान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसकी जांच कराई जा रही है। मामले में केस दर्ज कराया जाएगा।