बिजली कटौती से जनता
परेशान, जेई नहीं उठाते फोन
क्रासर
-रविवार को आधे घंटे में पचास बार आई-गई बिजली
-लोगों के घरों में फुंक गए बिजली के कई उपकरण
लालगंज (रायबरेली)। अघोषित बिजली कटौती से कस्बे और पूरे ग्रामीण क्षेत्र के लोग परेशान हैं। इसकी जानकारी देने पर विभाग के फोन कभी नहीं उठते वहीं जेई अधिकांश समय अपना फोन स्विच आफ रखते हैं।
भीषण गर्मी और उमस भरे इस मौसम में लोगों का जहां जीना दुश्वार है वहीं बिजली की आंख मिचौली अलग परेशान किए है। बाल्हेमऊ निवासी पवन यादव ने बताया कि रविवार को सुबह से बिजली आधे घंटे के भीतर कम से कम पचास बार कटी और आई। ऐहार गांव निवासी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बार-बार बिजली आने जाने से घर के कई बिजली उपकरण खराब हो गए। विजय वाजपेयी ने बताया कि रविवार को दिन भर जेई मुलायम यादव का फोन स्विच आफ रहा। भाजपा नेता धीरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि बिजली की अनियमित कटौती की पूरी जवाबदेही अफसरों की है। सरकार की ओर से बिजली की भरपूर आपूर्ति के आदेश हैं इसके बावजूद बिजली कटौती की जा रही है। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। एडवोकेट आलोक श्रीवास्तव ने भी बताया कि बिजली कटौती से लोग आजिज हैं, इसकी उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।