रायबरेली। दिवाली पर मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान में मंगलवार को एफएसडीए को बड़ी सफलता मिली है। लालगंज बाजार में टीम के पहुंचते ही एक दुकानदार मौके से भाग निकला। इस दुकान से 15 लाख रुपए की कीमत के खाद्य तेल के साथ 16.45 लाख रुपये कीमत का तेल जब्त कर लिया गया।
दुकान को सील करने के साथ ही लाइसेंस निलंबन की संस्तुति कर दी गई है। शहर के बटोही होटल से पांच नमूने सहित सात नमूने सील करके जांच के लिए भेजे गए। छापे से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया।
एफएसडीए के अभिहित अधिकारी अजीत कुमार राय के नेतृत्व में सीएफएसओ इंद्र बहादुर यादव की टीम ने मंगलवार को बाईपास लालगंज स्थित प्रवीण ट्रेडर्स में छापा मारा।
टीम के पहुंचते ही दुकान मालिक प्रवीण कुमार दुकान छोड़ भाग गया। दुकान में करीब 15 लाख कीमत का खाद्य तेल संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे जब्त कर लिया। दुकान के पूरे परिसर को सील करके प्रवीण ट्रेडर्स के लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति कर दी।
टीम ने लालगंज में ही पंकज किराना स्टोर से 1075 लीटर पामोलीन ऑयल जब्त कर लिया और पामेालीन ऑयल का नमूना भी सीज किया। इसकी कीमत करीब 1.45 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा लालगंज के होटल प्रताप पैलेस से पनीर का नमूना सील किया गया।
एफएसओ अरुण कुमार, राजेश तिवारी, अपराजिता तिवारी की टीम ने शहर के बरगद चौराहा स्थित बटोही स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में मिठाइयों की जांच की।
यहां से खोया, बर्फी, छेना मिठाई, पतीसा व बूंदी लड्डू का नमूना सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। अभिहित अधिकारी अजीत कुमार राय ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रवीण ट्रेडर्स के लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।