सलोन (रायबरेली)। बिसइया गांव के पंचायत घर में कोटे की दुकान की जांच के दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के सामने कोटेदार और कार्डधारक आमने-सामने आ गए।
कहासुनी के साथ ही जमकर घूंसे चले। अधिकारियों के समझाने के बावजूद कोटेदार और कार्डधारक एक-दूसरे को पीटते नजर आए। हालत बिगड़ने पर पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में ले लिया है।
सलोन के बिसइया गांव की निरस्त कोटे की दुकान के मामले में कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुभाष चंद्र यादव दोबारा जांच करने पहुंचे।
करेमुआ पंचायत भवन में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, सप्लाई इंस्पेक्टर विवेक कुमार, नायब तहसीलदार अभिजीत गौरव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार कार्डधारकों के बयान दर्ज कर रहे थे।
इसी दैरान कोटेदार और कार्डधारक ग्रामीणों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते अधिकारियों के सामने दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हो गए।
स्थिति गंभीर होने पर पुलिस बुलाई गई। मजिस्ट्रेट सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस को शांतिभंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सलोन कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पकड़े गए सभी लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।