हलोर। महराजगंज क्षेत्र के डाकघर हलोर में बृहस्पतिवार को आधार कार्ड सुधार शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 21 लोग पहुंचे। शिविर लगने से लोगों को महराजगंज के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शिविर में पहुंचे सोहनलाल ने बताया कि आधार कार्ड में नाम संशोधित कराने आए थे, जो सफलतापूर्वक हो गया।
उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों से शिविर संचालित हो रहा है, जिसमें हलोर ही नहीं बल्कि अलीपुर, मझिगवां और कक्केपुर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग आधार में सुधार और बायोमीट्रिक अपडेट कराने पहुंच रहे हैं। अन्य ग्रामीण राकेश कुमार, अंशुमान सिंह, रमन, कार्तिक, अनिल, गुड्डू, करन, प्रवेश, गया प्रसाद ने बताया कि वह बायोमीट्रिक, फिंगर अपडेट और मोबाइल नंबर लिंक कराने आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हलोर में शिविर लगने से उन्हें महराजगंज के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
डाकघर शाखा कर्मचारी शिवांगी वर्मा ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन लोग आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमीट्रिक और फिंगर अपडेट सहित अन्य कार्यों के लिए पहुंचकर रोजाना लगभग 20 से 30 लोग अपने आधार संबंधी कार्य करा रहे हैं।
डीह में 37 लोगों के बने कार्ड
डीह। ब्लॉक मुख्यालय पर आधार कार्ड बनाने और संशोधन के लिए एक शिविर लगाया गया। बृहस्पतिवार को इस शिविर में 37 लोग पहुंचे, जिनके नए आधार कार्ड बनाए गए और संशोधन किए गए। केंद्र प्रभारी शुभम ने बताया कि सबसे अधिक संशोधन के मामले आ रहे हैं। लोग आधार कार्ड में मोबाइल संख्या लिंक कराने और नाम ठीक कराने के लिए आ रहे हैं। राजेश कुमार ने बताया कि उनका नाम हिंदी में सही है, लेकिन अंग्रेजी में वर्तनी गलत है। रिया ने भी अपने नाम में एक वर्तनी की गलती के लिए संशोधन कराया।