रायबरेली। देहात क्षेत्रों की सड़कों की सूरत बदलेगी। करीब 600 रोडों के मरम्मत कार्य को शासन से हरी झंडी मिल गई है। हालांकि अब तक बजट नहीं मिला है। बजट मिलते ही सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
जिले की देहात क्षेत्रों की सड़कों की हालत खस्ताहाल है। गड्ढे होने से लोगों को चलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खीरों क्षेत्र में कई ऐसे सड़कें हैं, जिस पर गड्ढे होने से आए दिन लोग चुटहिल हो रहे हैं। शहर से निकला मटिहा-मछेछर मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इसके अलावा सलोन, ऊंचाहार, डलमऊ आदि क्षेत्रों में सड़कें खस्ताहाल हैं।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत लोक निर्माण विभाग की ओर से 1300 सड़कों के मरम्मत कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसमें से 600 सड़कों के मरम्मत कार्य कराने को शासन से हरी झंडी मिल गई है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार कुरील ने बताया कि 600 सड़कों की मरम्मत कार्य कराने को हरी झंडी मिली है। बजट मिलते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।