रायबरेली। अमेठी जिले के फुरसतगंज और ओदारी कस्बे में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने करीब 50 लीटर सरसों का तेल नष्ट कराया। इसके अलावा टीम ने कचरी और सरसों के तेल का नमूना सील कर प्रयोगशाला भेजा। टीम के पहुंचते ही कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए।
अमेठी जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्घार्थ कुमार की टीम ने शुक्रवार को फुरसतगंज स्थित सीताराम गुप्ता की दुकान पर छापा मारा। यहां रंगीन कचरी संदिग्ध प्रतीत होने पर उसका नमूना सील किया।
इसके बाद टीम ने ओदारी कस्बे में भगौती साहू की दुकान पर छापा मार सरसों के तेल का नमूना सील कर जांच के लिए भेजा। इसके अलावा करीब 50 लीटर सरसों के तेल को नष्ट करा दिया। एफएसओ सिद्घार्थ कुमार ने बताया कि सरसों का तेल बेहद खराब प्रतीत हो रहा था, इसी कारण उसे नष्ट करा दिया है।