रायबरेली। जिले में डेंगू का एक और मरीज मिला है। शहर के फिरोज गांधी कॉलोनी निवासी वृद्ध की केजीएमयू लखनऊ में डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में पहुंचकर दवा का छिड़काव किया है। इसकेे अलावा सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार जुकाम, डायरिया व अन्य रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
इसी महीने सतांव क्षेत्र मनेहरू व दीनशाह गौरा के गोविंदपुर माधव गांव में डेंगू व एईएस के एक-एक केस मिल चुके हैं। बुधवार शाम केजीएमयू लखनऊ से एक और मरीज के डेंगू होने की पुष्टि हुई।
शहर के फिरोज गांधी नगर के रहने वाले 80 वर्षीय वृद्ध के डेंगू के चपेट में आने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में पहुंचकर मॉस कांटेक्ट अभियान के साथ ही एंटी लॉर्वा का छिड़काव कराया। सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट कर दिया है।
अपने-अपने क्षेत्रों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी पीएचसी की ओपीडी में भी जुकाम बुखार व उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि लोग मच्छरों के प्रकोप से बचें। तनिक भी समस्या हो तो अस्पताल में चिकित्सीय सलाह जरूर लें।