रायबरेली। शासन से एलईडी लाइटें लगवाने के आदेश के बाद सोलर लाइटें लगवाने में डलमऊ ब्लॉक के अधिकारियों ने रिकॉर्ड कायम कर दिया है। डलमऊ ब्लॉक की 69 पंचायतों ने करीब 383 सोलर लाइटें लगवाकर करीब 91.10 करोड़ रुपये का भुगतान भी एक ही फर्म को कर दिया।
करीब 18 पंचायतों में दो-दो लाख से अधिक रुपये के भुगतान की स्वीकृति स्वयं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ने ही दी है।
‘अमर उजाला’ के अभियान में शासनादेश के विपरीत ग्राम पंचायतों से सोलर लाइटें लगवाने का खेल परत दर तरत खुल रहा है। डलमऊ ब्लॉक की 76 ग्राम पंचायतों में 69 पंचायतों से मनमाने तरीके से सोलर लाइट लगवाने के नाम पर भुगतान भी हो चुका है।
यह जिले का इकलौता ब्लॉक है जहां 90 लाख से अधिक का भुगतान एक ही ब्लॉक की ग्राम पंचायतें कर चुकी हैं। डीएम के आदेश पर भले ही डीपीआरओ ने भुगतान पर रोक लगा दिया है, लेकिन डलमऊ ब्लॉक की पंचायतों ने पहले ही पेमेंट कर दिया है।
नोटिस मिलने के बाद ब्लॉक के अधिकारी किसी तरह मामले को रफा-दफा करने का प्रयास कर रहे हैं। डलमऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत घोरारा, कंधरपुर, मखदूमपुर, पकरा अमीरन, पिलखा, उबरनी और उमरामऊ ने अब तक सोलर लाइट का भुगतान नहीं किया है।
भवने गांव में सबसे अधिक 20 व कठघर में 15 लाइटें लगीं
डलमऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायतों ने सोलर लाइटें लगवाने का रिकार्ड तोड़ गई हैं। भनवे गांव में 20 सोलर लाइटों का एक ही तारीख में पी 38 जी इंटरप्राइजेज फर्म को 4.70 लाख रुपये का भुगतान किया है। इसी तरह कठघर पंचायत ने 15 लाइटों का 3.52 लाख रुपये का भुगतान किया है।
कठघर में तो तीन महीने में सिर्फ सोलर लाइटों का ही भुगतान किया गया है। कनहा, बलीपुर व सोहवल में भी 12-12 लाइटों का प्रति ग्राम पंचायत 2.82 लाख पेमेंट हुआ है। ब्लॉक की कई पंचायतों में भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि रोक लगने के बाद अंदर ही अंदर भुगतान करने का प्रयास हो रहा है।
सोलर लाइटों के भुगतान में डलमऊ की टॉप-10 पंचायतें
ग्राम पंचायत धनराशि (लाखों में)
भनवे 4.70
कठघर 3.52
सोहवल 2.82
कनहा 2.82
बलीपुर 2.82
बहेरवा 2.35
ऐहार 2.35
भवानीपुर 2.35
डलमऊ 2.35
गोविंदपुर भीरा 2.35
बछरावां में 53 में 10 पंचायतें ही कर पाई पेमेंट
डीएम के निर्देश पर सोलर लाइटों के भुगतान पर लगी रोक के बाद बछरावां ब्लॉक में हडक़ंप मच गया है। इस ब्लॉक की कुछ पंचायतों को छोड़ सभी में लाइटें लग गई हैं, लेकिन मात्र 10 पंचायतें ही करीब 15ज लाख रुपये का भुगतान कर सकी हैं। रोक लगने के बाद भुगतान के लिए एडीओ और सचिव हाथ पैर मार रहे हैं।
डलमऊ में सबसे अधिक सोलर लाइटें लगवाने और पेमेंट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मामले में सभी एडीओ से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रोक के बाद भुगतान करने वालों पर कार्रवाई होगी।
उमाशंकर मिश्रा, जिला पंचायतराज अधिकारी