मंगलवार को अमेठी जिले के तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के दौलतपुर रजबहा में हुई कटान के बाद खेतों में भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
अमेठी जिले के तिलोई तहसील क्षेत्र से होकर गुजरी दौलतपुर रजबहा की पटरी कटने से 300 बीघा खेत जलमग्न हो गए। इसमें 100 बीघा में धान की बेड़न और उड़द की फसल डूब गई है। सूचना के बावजूद कोई विभाग का अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
वहीं किसानों ने रजबहे को बांधने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक किसान कटान को बांधने में सफल नहीं हो पाए हैं। शारदा सहायक खंड 28 से निकला दौलतपुर रजबहे की बाई पटरी गोकुला गांव के पास सोमवार रात कट गई।
पानी ज्यादा होने के कारण आसपास के खेत पानी से लबालब हो गए। सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो खेतों में पानी भरा मिला। वहीं 100 बीघा खेत में पड़ी धान की बेड़न व उड़द की फसल डूब गई। किसान वीरेंद्र सिंह, राममूर्ति सिंह, छेददू यादव व मुन्ना सिंह ने जिलेदार रामकुमार से शिकायत की, लेकिन कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
किसानों ने नहर को बंधने का प्रयास किया, लेकिन पानी तेज आने और नहर को बंद न किए जाने से कटान को नहीं बंद कर सके। इससे लोगों में नाराजगी है। एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि नहर कटने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही कटान को बंधवाया जाएगा।