जिले में मंगलवार रात अलग-अलग सड़क हादसे हुए। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक सवार जा टकराया। इससे बाइक सवार युवक और उसके बेटे की मौत हो गई। उधर, मिल एरिया थाना क्षेत्र में दो कारें आमने-सामने भिड़ गई।
वहीं कारों के पीछे आ रही दो बाइकें कार से टकरा गई। इसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कठगर के पास खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक बाइक सवार युवक जा टकराया।
इससे युवक और बाइक में पीछे बैठे पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। दोनों मृतक पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
शवों की पहचान नहीं हो पाई है। कोतवाल ओपी यादव का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है। उधर, शहर के बासन टोला निवासी आशू गुप्ता और गोहन्ना निवासी विनय कुमार कार से घर जा रहे थे। त्रिपुला तिराहे के पास दोनों कारों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
वहीं कारों के पीछे बाइक से आ रहे महताब निवासी कांशीराम कॉलोनी व दूसरी बाइक पर सवार हाफिज व उसके सैरिस, अली व आलिया घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सदर कोतवाल कमलेश पांडेय का कहना है कि एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।