बस स्टेशन रोड स्थित एक गैस एजेंसी के बाहर पर्ची कटवाने के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ता।
रायबरेली। शहर में गैस सिलिंडर के लिए लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रक्षाबंधन के बाद से यह समस्या अधिक है। लोड कम आ रहा है, जिसकी वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। रविवार को शहर के गैस एजेंसियों पर परची कटाने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ लगी।
शहर में गोराबाजार, सिविल लाइन्स, पुलिस लाइन, सर्वोदय नगर, बस स्टेशन रोड, निराला नगर में गैस एजेंसी हैं। पिछले एक माह से गैस एजेंसियों पर भीड़ कम हो गई थी। होम डिलीवरी शुरू होने से उपभोक्ताओं को एजेंसी में लाइन नहीं लगानी पड़ रही थी। रक्षाबंधन के बाद से दिक्कत फिर से खड़ी हो गई है। बुकिंग के लिए उपभोक्ताओं की लाइन एजेंसी के बाहर लग रही है तो साथ ही परची कटाने में समय लग रहा है।
असल में एजेंसियों पर सिलिंडर का लोड कम आ रहा है। बताया जाता है कि अवकाश पड़ने के साथ हर जगह हो रही बारिश से लोड आने में दिक्कत आ रही है। पहले सप्ताह में छह दिन लोड आता था जो अब यह घटकर चार दिन रह गया है। रविवार को शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं को परची कटाने के लिए लाइन में देखा गया।
ज्यतिबानगर के अमन सिंह का कहना है कि वह परची कटाने के लिए आए थे लेकिन लाइन लगी होने से दिक्कत रही। अमर नगर के दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि लोड कम आ रहा है। इस पर सिलिंडर मिलने में परेशानी आ रही है। शहजादा कोठी के गोविंद कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद से स्थिति खराब हुई है। सिलिंडर के लिए परची कटाने में लाइन लगती है तो बुकिंग में भी सर्वर की समस्या बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी उबैर्दुरहमान ने बताया कि जिले में गैस सिलिंडर का स्टाक ठीक है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। पर्व होने के कारण कुछ समस्या आई है। जिसका निस्तारण हो रहा है।