अमावां ब्लॉक क्षेत्र के तिलक का पुरवा गांव में जलभराव होने पर नाव से आवागमन करते ग्रामीण। अमावा
अमावां। तिलक का पुरवा और पासिन का कोडरा गांव बारिश के बाद पानी से घिर गए हैं। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के आसपास और रास्तों में पानी भर गया है। ग्रामीण देशराज सिंह, शिवदेवी सिंह, सोमाली सिंह, लाल सिंह, भीम, अनमोल, जयचंद, सुखनंदन और जितेंद्र के घरों तक पानी पहुंच गया है। इससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
विद्यालय जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। प्रशासन ने नाव की व्यवस्था तो की है, लेकिन उसे चलाने वाला कोई नहीं है। ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर खुद नाव से आवागमन कर रहे हैं। गांव के पास के रास्ते में पानी भरने से बैंखरा, डीहे, मियां का पुरवा, लोनार, बघेल, खैरहना, मोहब्बत नगर, झाखरी और पहरेमऊ सहित कई गांवों के लोगों को पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। एसडीएम सदर गौतम ने बताया कि जलभराव वाले गांवों पर नजर रखी जा रही है।