जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करती महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव।
बाराबंकी। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बुधवार को जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां भर्ती प्रसूताओं से बातचीत की। जिन परिवारों में पुत्री का जन्म हुआ था, उन्हें कंबल वितरित किए और सरकार की कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी। कंगारू मदर केयर यूनिट पहुंचकर नवजात के साथ भर्ती माताओं से बात की और वहां की व्यवस्था देख सराहना भी की। कहा कि महिला आयोग और गृह विभाग मिलकर काम कर रहा है, जिसका नतीजा है कि योगी सरकार में महिलाओं पर अपराध कम हुए हैं।
आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और कन्या सुमंगला योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अपराधों में कमी आई है। कहा कि समाज को भी महिला अपराधों के प्रति जागरूक होना होगा। अपराध न हो, इस पर कार्य करना होगा। उन्होंने जिले के एक मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी को एक माह के अंदर सजा हुई। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। उनका काम बयान देकर केवल चर्चा में बने रहना है। किसी को भी महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।