दुर्घटना में घायल युवक का इलाज कराने के बहाने बाइक सवार दो बदमाशों ने रायबरेली-प्रतापगढ़ जिले की सीमा स्थित गांव से एक झोलाछाप को अगवा कर लिया। सलोन क्षेत्र में उसी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और रिवॉल्वर लेकर भाग गए।
सूचना पर एसपी रायबरेली और दो जिलों की पुलिस मौके पर पहुंचकर वारदात की जांच की। एसपी ने कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हत्या की कोई वजह अभी सामने नहीं आई है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज अझारा थाना क्षेत्र के लाला का पुरवा मजरे जेवाई कोटा गांव निवासी विकास श्रीवास्तव (38) पुत्र संत गुरु प्रसाद श्रीवास्तव की घर से 100 मीटर दूरी पर क्लीनिक है। शनिवार रात करीब 10.30 बजे विकास घर पर था।
इसी बीच अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों ने दुर्घटना में घायल एक युवक का इलाज करने के बहाने उसे फोन कर क्लीनिक पर बुलाया। जैसे ही विकास पहुंचा, उसे अपनी बाइक में बैठा लिया। अगवा कर उसे रायबरेली जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के अजीत सिंह का पुरवा मजरे अनंतपुर के पास ले गए और विकास की लाइसेंसी रिवॉल्वर से उसे गोली मार दी।
गोली उसके सिर के पीछे लगी। हत्या करने के बाद उसकी रिवॉल्वर लेकर भाग गए। इसी दौरान खेत जा रहे राम सिंह ने विकास को सड़क किनारे लहूलुहान पड़ा देखा। उसने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आनन-फानन विकास को अस्पताल पहुंचाया। जहां विकास ने दम तोड़ दिया।
हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रायबरेली अब्दुल हमीद, सीओ चरनजीत सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। रायबरेली-प्रतापगढ़ बार्डर की घटना होने के चलते लालगंज आझारा की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
एसपी ने विकास के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देते हुए ग्रामीणों से पूछताछ की। पिता का कहना है कि बेटा शनिवार को क्लीनिक नहीं गया था। बड़े भाई की बेटी को परीक्षा दिलाने गया था। रात में आठ बजे घर आया था। रात में दुर्घटना में घायल युवक का इलाज कराने का फोन आ गया।
इस पर बेटा चला गया। जानता कि बेटा दोबारा नहीं आएगा तो उसे कतई न जाने देता। मृतक अपने पीछे पत्नी कौशल्या देवी और बेटे प्रशांत (15), शशांक (13) दिव्यांश (10) को छोड़ गया है। एसपी ने पुलिस को वारदात के खुलासे व कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मृतक के पिता संत गुरुप्रसाद श्रीवास्तव की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की लाइसेंसी रिवॉल्वर गायब है। कुछ अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। जल्द ही वारदात का खुलासा हो जाएगा।
सलोन पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए जहां परिवारीजनों से पूछताछ कर रही है, वहीं उस नंबर का पता लगा रहा है, जिस नंबर से झोलाछाप को फोन कर क्लीनिक पर बुलाया गया था। पुलिस का मानना है कि नंबर का पता चलने पर इसके जरिए हत्यारों तक पहुंचने में आसानी होगी।