हरचंदपुर थाना क्षेत्र में एक श्रमिक के खाते से एटीएम कार्ड के सहारे 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित धीरज कुमार निवासी पूरे हीरा मजरे टांडा का खाता बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक गंगागंज में है।
धीरज के मुताबिक चार जुलाई को उसके खाते में 26 हजार रुपये थे। 31 अगस्त को उसने बैंक में अपना एकाउंट बैलेंस चेक कराया तो पता चला कि 25500 रुपये निकल गए हैं।
पूछताछ में बैंक अफसरों ने बताया कि कई किस्तों में एटीएम के सहारे पैसे निकाले गए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने न तो एटीएम कार्ड लिया है और न ही इसके लिए आवेदन किया था, फिर आखिर किस एटीएम नंबर से उसके रुपये निकाले गए।
उधर, एसओ भानु प्रताप का कहना है कि घटना की सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर केस दर्ज किया जाएगा।