मवेशियों को ट्रक में भरकर सहारनपुर मार्ग से वध के लिए यूपी लेकर जा रहे पशु तस्करों ने गोरक्षा दल के सदस्यों पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। दल के सदस्यों ने ट्रक का पीछा कर मौके पर ही वाहन समेत तीन आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 मवेशियों को मुक्त कराने के बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी रोहित चौधरी ने सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गोरक्षा दल के सदस्यों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रक में मवेशियों को भरकर वध के लिए यूपी लेकर जा रहे हैं। गोरक्षा दल के सदस्यों ने कलानौर के नजदीक वाहनों की जांच शुरू कर दी।
उन्हें जब कुछ देर बाद एक ट्रक आता दिखाई दिया, तो उसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन आरोपी चालक ने गोरक्षा दल के सदस्यों पर ट्रक चढ़ाकर उन्हें मारने का प्रयास किया। गोरक्षा दल के सदस्यों ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई। बाद में गोरक्षा दल के सदस्यों ने ट्रक का पीछा कर आरोपियों को धर-दबोचा और उनके चंगुल से 50 मवेशियों को मुक्त कराया।
गोरक्षा दल के सदस्यों ने आरोपियों को पुलिस के हवाले किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान पदम, मनप्रीत व शहजाद के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।