भदोखर थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या करके उसका शव जमीन में गाड़ दिया गया। सुबह महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सिर का हिस्सा क्षतविक्षत था। शरीर के कई अंग सड़ गए थे। घटनास्थल का दृश्य देखकर उसके साथ रेप की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ सदर ने पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस ने आसपास के लोगों की शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। सैदनपुर और बिनोहरा गांव के बीच टिकरा जाने वाली रोड निकली है। यहीं पर पुल बना है। यहां रात में सुनसान रहता है।
सुबह कुछ लोग पुल स्थित अपने खेत की तरफ गए तो एक महिला के पैर दिखे। यह देख सभी दंग रह गए। सूचना पर थानेदार आरके सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालवाया। पुलिस की मानें तो बरामद किया गया शव 25 वर्षीय महिला का है।
उसके शरीर पर साड़ी थी, जिससे आशंका है कि उसकी शादी हो गई थी। यही नहीं बड़ी बेरहमी के साथ महिला की हत्या की गई थी। उसका शव देख हर कोई दंग रह गया। सिर का हिस्सा सिर्फ कंकाल था। वहीं अन्य शरीर के अंग सड़ गए थे।
घटनास्थल का दृश्य देखकर रेप के बाद मर्डर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। एसपी गौरव सिंह, एएसपी वीरेंद्र यादव, सीओ सदर श्वेता श्रीवास्तव ने पहुंचकर पड़ताल की। एसपी ने जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। थानेदार का कहना है कि शव की पहचान नहीं हो पाई है। रेप किया गया है या नहीं यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
महिला का शव सड़ गया था। इससे बदबू आ रही थी। घटनास्थल के पास खड़ा रहना मुश्किल हो रहा था। मुंशीगंज चौकी इंचार्ज इंसाफ अली की मानें तो शव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कई दिन पहले महिला की हत्या की गई।
वारदात को छिपाने के लिए शव को जमीन में गाड़ा गया। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि बाहर से लाकर महिला को यहीं पर मारा गया। यदि महिला आसपास की रहने वाली होती तो उसके गायब होने की चर्चा होती और उसकी पहचान जरूर हो जाती।
जिस स्थान पर महिला का शव पाया गया, वहां पर मिट्टी खनन किया गया था। यही वजह रही कि खेत में बड़ा सा गड्ढा हो गया था। इसी गड्ढे में महिला का शव को गाड़ा गया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर कौन-कौन लोग यहां पर मिट्टी खनन का कार्य करते थे।
ऐसा तो नहीं है कि खनन करने वाले ही किसी महिला को यहां लेकर आए हों और उसकी हत्या कर दी हो। थानेदार का कहना है कि फिलहाल जांच चल रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।