बछरावां थाना क्षेत्र के थुलेंडी गांव में सोमवार रात एक महिला की हत्या कर दी गई। जबकि उसके पति एवं भट्ठा व्यवसायी को पीट-पीटकर बेहोश कर दिया गया। दोनों पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया।
मंगलवार सुबह इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए। बेड के नीचे खून फैला हुआ था। घटना की बाबत अभी तस्वीर साफ नहीं हो सकी है।
लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती व्यवसायी को होश आ गया है पर वह अभी घटना की बाबत कुछ नहीं बता रहा है। थुलेंडी गांव निवासी भट्टा व्यवसायी श्रीशचंद्र शुक्ला पत्नी दिव्या शुक्ला (35) और दो वर्षीय बेटे के साथ घर पर सो रहा था।
रात में दिव्या शुक्ला की हत्या कर दी गई। जबकि भट्ठा व्यवसायी को पीटकर घायल कर दिया गया। जिससे वह बेहोश हो गया। मृतका की जेठानी सविता मंगलवार सुबह घर पहुंची तो बेड पर दिव्या शुक्ला मृत अवस्था में पड़ी थी।
जबकि भट्ठा व्यवसायी बेड के नीचे बेहोशी अवस्था में पड़ा था। वारदात की जानकारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थानेदार कमलेश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया। जबकि बेहोशी हालत में भट्ठा व्यवसायी को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक महिला के सिर के पीछे चोट के निशान थे। इससे जाहिर है कि उसके पीछे से किसी औजार से वार करके उसे मौत के घाट उतारा गया। हत्या को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसकी कोई वजह सामने नहीं आई है।
परिवारीजन भी घटना की बाबत कुछ नहीं बोल रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानेदार का कहना है कि घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है।
एसपी हरिनरायण सिंह ने बताया कि थुलेंडी गांव में महिला की हत्या की गई है। उसके पति एवं भट्ठा व्यवसायी को पीटकर बेहोश कर दिया गया था। घटना में बाहरी या फिर करीबी लोग शामिल हैं, इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पुलिस जांच कर रही है।