अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पिता की हत्या का बदला लेने को दो लोगों को गोली मार दी गई। इसमें दोनों घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तमंचे से दोनों को एक-एक गोली मारी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मोहनगंज के उतरपारा गांव के प्रधान रामपाल वर्मा की इसी साल के जून में हत्या कर दी गई थी। इसमें गांव का रामबरन नामजद हुआ था। देर शाम को रामबरन का पिता रामपाल और परिवार का ही जगजीवन कहीं जा रहे थे।
जैसे ही दोनों प्रधान के घर पहुंचे, तभी मृतक प्रधान का बेटा अशोक वर्मा, भाई नन्हें आदि ने दोनों पर धावा बोल दिया। पहले लाठी-डंडे से पिटाई की फिर तमंचे से दोनों को गोली मार दी।
रामपाल के पैर में और जगजीवन के सिर पर एक-एक गोली लगी। फायरिंग की घटना से ग्रामीण एकत्र हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी ले जाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसओ रतन सिंह का कहना है कि हत्या का बदला लेने के लिए गोली मारी गई है। मामले की जांच की जा रही है।