मोहनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को श्री दयानंद इंटर कॉलेज गोकुला के प्रधानाचार्य पर हमलावरों ने हॉकी-डंडों से हमला बोल दिया और जमकर पीटा। प्रधानाचार्य पर उस समय हमला बोला, जब वह स्कूल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्रेस पहनकर न आने पर एक छात्र को वापस कर दिया गया था।
इसी वजह से प्रधानाचार्य पर हमला किया गया। वारदात से गुस्साए शिक्षकों ने पठन-पाठन का कार्य बंद कर दिया और कहा कि कार्रवाई न होने तक पठन-पाठन का कार्य नहीं किया जाएगा। तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
तिलोई कस्बा निवासी राम अवध राम श्री दयानंनद इंटर कॉलेज गोकुला में प्रधानाचार्य हैं। सोमवार सुबह प्रधानाचार्य बाइक से कॉलेज जा रहे थे। भदमर गांव के पास स्थित पुल के पास जैसे ही पहुंचे, वहां पर पहले से खड़े दो बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने हमला बोल दिया।
डंडों व हॉकियों से प्रधानाचार्य राम अवध राम की जमकर पिटाई की। इसी बीच कुछ स्कूली छात्र आ गए, जिस पर हमलावर मौके से भाग गए। छात्रों ने मारपीट की सूचना कॉलेज के अन्य शिक्षकों को दी। मौके पर पहुंचे शिक्षकों ने प्रधानाचार्य को अस्पताल में भर्ती कराया।
रामदेव पांडेय, राम प्रकाश मिश्र, शिवसेवक मिश्र, सुरेशचंद्र गुप्ता, भोलानाथ सिंह, रविंद्र कुमार त्रिपाठी, जागेश्वर दिवाकर ने आदि ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए ने पठन-पाठन कार्य बंद कर दिया। इससे छात्र वापस घरों को लौट गए। आक्रोशित शिक्षकों ने चेतावनी दी कि जब तक हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा।
बताया जा रहा है कि पूरे शोभ सिंह मजरे सिकंदरपुर महराजगंज का रहने वाला हाईस्कूल का एक छात्र कॉलेज ड्रेस पहनकर नहीं आ रहा था। इस पर 30 नवंबर को प्रधानाचार्य ने उसे कॉलेज से वापस कर दिया था। इसी मामले में प्रधानाचार्य पर हमला होने की बात कही जा रही है।
थानेदार बीएल मिश्रा का कहना है कि प्रधानाचार्य की तहरीर पर तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज के प्रबंधक सुनील त्रिपाठी का कहना है कि प्रधानाचार्य पर हमले का मामला गंभीर है। इस मामले में पुलिस-प्रशासन जल्द कार्रवाई करे।