नसीराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश करने गए लेखपाल को पूर्व प्रधान व साथियों ने बंधक बनाकर पीटा। लेखपाल के मोबाइल की बैट्री निकाल ली। मौके पर दहशत फैलानेे के लिए तमंचे से दो राउंड फायर भी किया गया। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के बझलगोती इटौरा मजरे डीघा गांव के लेखपाल जयकरन ग्रामीणों की शिकायत पर कब्रिस्तान भूमि की पैमाइश करने गया था। जमीन की पैमाइश करते समय पूर्व प्रधान मो. इदरीश अपने साथी मो. असगर, मो. जुगनू, मो. कल्लू, मो. भल्लू निवासी पूरे खटखट मजरे अद्दुमऊ तमंचे के साथ मौके पर पहुंचे और पैमाइश करने का विरोध किया।
न मानने पर लेखपाल को बंधक बना लिया और लात, घूसों से पिटाई शुरू कर दी। कई घंटे तक पास के एक खंडहर में बंधक बनाए रखा। इतना ही नहीं मोबाइल की बैट्री भी निकाल ली। कहा अगर कहीं घटना की सांस ली तो गोली मार दूंगा। छूटने के बाद लेखपाल ने पुलिस को तहरीर दी। उधर, एसओ नसीराबाद शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि लेखपाल ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जांच कर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।