सरेनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को मोबाइल दुकानदार ने एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकानदार दुकान बंद कर भाग खड़ा हुआ।
दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सरेनी पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। सरेनी थाना क्षेत्र के हथनासा निवासी चुलबुल सिंह मंगलवार दोपहर बाद सरेनी कस्बा स्थित राम प्रकाश सिंह की दुकान पर मोबाइल ठीक कराने गया था।
जहां चुलबुल और राम प्रकाश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान दुकानदार ने चुलबुल के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह खून से लतपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे।
इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, आरोपी दुकान बंद करके वहां से भाग निकला। लोगों ने घायल चुलबुल को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
थानेदार एके सिंह का कहना है कि घायल के चाचा मृत्युंजय सिंह की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किस बात को लेकर विवाद हुआ, इस बारे में पड़ताल की जा रही है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।