हरचंदपुर थाना क्षेत्र में कांग्रेस एमएलएसी के भाई पर एक महिला के साथ दुराचार का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। तहरीर पर पुलिस ने एमएलसी के भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली एक महिला ने बुधवार को थाने में तहरीर दी कि 30 दिसंबर को वह नित्यक्रिया के लिए गांव के बाहर गई थी। इसी दौरान नेवाजगंज का गणेश सिंह उसे जबरन राइस मिल ले गया।
उसके कपडे़ फाड़ दिए और दुराचार का प्रयास किया। आरोप है कि शोरगुल पर उसके परिवारीजन पहुंचे तो गणेश सिंह वहां से भाग गया।
महिला की तहरीर पर हरकत में आई थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। कार्यवाहक थानेदार श्रीराम पांडेय ने बताया कि गणेश सिंह निवासी नेवाजगंज के खिलाफ दुराचार के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोपी गणेश कांग्रेस एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह के भाई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।