गाड़ी में मिली 1.12 लाख की नकदी
- फोटो : अमर उजाला
फ्लाइंग स्क्वायड और एसडीएम सलोन की टीम ने रविवार रात टोल प्लाजा पर चेकिंग के दौरान एक लग्जरी गाड़ी से 1.12 लाख रुपये बरामद किये हैं। गाड़ी सवार दो लड़कियां लखनऊ से प्रतापगढ़ जा रहीं थीं। गाड़ी के कागजात नहीं थे और नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी।
रुपया जब्त करके आयकर विभाग के अफसरों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गाड़ी को सीज कर दिया गया है। फ्लाइंग स्क्वायड टीम प्रभारी सुभाषचंद्र श्रीवास्तव और एसडीएम प्रदीप वर्मा रविवार रात सलोन कस्बे के पास टोल प्लाजा पर चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान लखनऊ से प्रतापगढ़ जा रही टाटा सफारी को रोका गया। इस पर सवार दो लड़कियां प्रतापगढ़ जा रही थी। गाड़ी के अंदर से एक लाख 12 हजार 450 रुपये बरामद हुए। लड़कियों से रुपये के बारे में पूछा गया तो वह कुछ नहीं बता सकी।
यह भी साक्ष्य नहीं दे पाई कि गाड़ी के अंदर रखा रुपया उनका है। यही नहीं गाड़ी के कागजात नहीं थे व नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इस पर गाड़ी को सीज कर दिया गया। एसडीएम ने बताया कि दोनों लड़कियां प्रतापगढ़ जिले की रहने वाली हैं सूचना पर परिवारीजन पहुंचे, जिनके साथ लड़कियां घर चली गई। गाड़ी को सीज कर दिया गया है।