डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में रविवार को गंग नहर में एक पशु व्यापारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक कई दिन से लापता था। इलाकाई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद व्यापारी की मौत की सही वजह आने की बात कह रही है।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के दरबानीहार गांव निवासी मन्ना (24) पुत्र बब्बू पशु खरीद-फरोख्त का कार्य करता था। 3 जनवरी से मन्ना घर से लापता था। परिवारीजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन मन्ना का कहीं कोई पता नहीं लगा। दीनगंज गांव से होकर गंग नहर निकली है।
दोपहर बाद ग्रामीण नहर की तरफ गए तो वहां पर एक शव पड़ा देखा। जानकारी से आसपास के लोगों का वहां पर मजमा लग गया। कोतवाल विजय प्रताप यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। उसकी शिनाख्त मन्ना के रूप में हुई।
इलाकाई लोग हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। पिता बब्बू और मां बूना का कहना है कि बेटे मन्ना की शादी अभी नहीं हुई थी। मन्ना पशुओं के खरीद-फरोख्त का कार्य करता था। मंगलवार से घर से गायब था। सीओ डलमऊ श्याम प्रकाश यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल घटना की जांच कराई जा रही है।