गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एलआईयू के सब इंस्पेक्टर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन, बाइक और नगदी लूट ली। यही नहीं विरोध करने पर लोहे की रॉड से वार कर उसे घायल भी कर दिया।
परिवारीजनों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले को मामूली सड़क हादसा बताकर दबाने में जुटी है। दुनिया सिंह का पुरवा मजरे अटौरा बुजुर्ग निवासी लाल बहादुर यादव (58) एलआईयू में सब इंस्पेक्टर है।
इस समय उसकी तैनाती लखनऊ सचिवालय में हैं। वह घर से ही रोज लखनऊ आता और जाता है। सब इंस्पेक्टर के बेटे हरिकेश ने बताया कि शनिवार रात पिता लखनऊ से बाइक से घर आ रहे थे। अटौरा चौकी से करीब 500 मीटर पहले दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
गले में पड़ी सोने की चेन और 1400 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर लोहे की रॉड से जमकर पीटा। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद लुटेरे उनकी बाइक भी अपने साथ लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर घर वाले मौके पर पहुंचे और घायल सब इंस्पेक्टर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गुरुबक्शगंज थानेदार पन्नेलाल का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। प्रथम दृष्टया लूट और मारपीट की बात झूठी प्रतीत हो रही है। तहरीर मिली है, जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।