बछरावां थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हजार रुपये की खातिर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब वह उधारी का रुपया मांगने गया था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बछरावां के बेहीखेड़ा मजरे राघवपुर गांव निवासी रामेश्वर (70) शाम को इसी थाना क्षेत्र के चंदोखर मजरे इशिया गांव निवासी बहादुर के यहां गया था। बहादुर ने रामेश्वर से एक हजार रुपये उधार लिए था।
काफी समय बाद भी बहादुर रुपया नहीं दे रहा था। शाम को रामेश्वर रुपया मांगने गया था। इसी बात को लेकर रामेश्वर और बहादुर में कहासुनी होने लगी। इस पर बहादुर ने रामेश्वर की पिटाई कर दी।
इससे रामेश्वर की मौत हो गई। बुजुर्ग की हत्या की सूचना मिलते ही एसओ आरपी रावत फोर्स के साथ गांव पहुंचे। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर लोगों का मजमा लग गया।
परिवारीजन भी पहुंचे। एसओ का कहना है कि एक हजार रुपये की खातिर बुजुर्ग का मर्डर किया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।