पुलिस की वर्दी पहने बदमाशों ने बुधवार को बैंक से रकम निकालकर जा रहे एक शिक्षक के सिर पर सरिया से वार कर एक लाख रुपये लूट लिए। इसी दौरान शिक्षक का बेटा आया तो यह कहते हुए बदमाशों ने चकमा दे दिया कि दरोगा जी ने बुलाया है।
वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशोें की धरपकड़ करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बछरावां थाना क्षेत्र के मोहनलालखेड़ा मजरे इशिया गांव निवासी रामसुमिरन पूर्व माध्यमिक स्कूल नीवां में प्रधानाध्यापक हैं।
गुरुवार को उनकी बेटी का तिलक बलभद्रखेड़ा रायबरेली जाना है। बुधवार को रामसुमिरन एक लाख रुपये लेकर बैंक आफ बड़ौदा की शाखा बछरावां आए थे। एक लाख की बड़ी नोटों को छोटी नोट में तब्दील कराया और फिर रुपये बैग में भरकर बाइक से घर जा रहे थे।
बैग में 500 रुपये की एक गड्डी और 50 रुपये की 10 गड्डी थीं। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर हसनगंज गांव के पास एक बाइक सवार पुलिस वर्दी धारक दो बदमाशों ने उन्हें रोका। इससे पहले शिक्षक कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनके सिर पर सरिया से हमला कर दिया।
सरिया सिर पर लगने से वह घायल हो गये। इसका फायदा उठाते हुए बदमाशों ने रुपया से भरा बैग छीन लिया। इसी बीच पीछे से शिक्षक का बेटा आ गया। बेटे ने बदमाशों से घटना की बाबत जानकारी पूछी तो बदमाशों ने यह कहते हुए चकमा दे दिया कि दरोगा जी आगे बुलाया है।
जल्दी आओ। बेटा दरोगा जी को देखने लगा और इतने में बदमाश वहां से फरार हो गए। लूट की जानकारी होने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। थानेदार अरविंद पांडेय फोर्स के साथ घटनास्थल पर मौके पर पहुंचे। नाकेबंदी कर बदमाशों की पकड़ने का प्रयास किया , लेकिन सफलता नहीं मिली।
घायल शिक्षक को सीएचसी बछरावां ले जाया गया। पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दे दी है। सीओ गोपीनाथ सोनी का कहना है कि शिक्षक के साथ लूट की घटना हुई है। बदमाशों के पुलिस की वर्दी पहनने की बात सामने आई है। जल्द बदमाशोें को पकड़ा जाएगा।