चलती ट्रेन से कूदकर भागे बंदी को गुरुवार को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। बंदी अपने परिवारीजनों से मिलने घर पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे दबोचा लिया। बंदी उस समय सिपाहियों को चकमा देकर भागने में सफल हुआ था, जब उसे सुल्तानपुर से पेशी के बाद ट्रेन से जिला कारागार रायबरेली ले जाया जा रहा था।
वहीं लापरवाही में सिपाहियों के खिलाफ जांच की जा रही है। गौरतलब है कि अमेठी जिले के भिलईखुर्द निवासी अल्ताफ के खिलाफ हत्या, लूट समेत कई आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। अल्ताफ रायबरेली जिला कारागार में बंद चल रहा है।
बंदी को बुधवार को रायबरेली जिला कारागार से पेशी के लिए सुल्तानपुर ले जाया गया था। रात में अमेठी जिले के दो सिपाही आज्ञा राम, उमाशंकर यादव उसे पद्मावत एक्सप्रेस से लेकर रायबरेली आ रहे थे।
पद्मावत एक्सप्रेस रायबरेली जंक्शन के करीब पहुंचने वाली थी, तभी बंदी अल्ताफ सिपाहियों को चकमा देकर चलती ट्रेन से कूद गया था। बंदी के खिलाफ जीआरपी रायबरेली में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
एसपी अमेठी संतोष सिंह ने बंदी की गिरफ्तारी के लिए सीओ तिलोई हौसिला प्रसाद की अगुवाई में टीम गठित की थी। गुरुवार सुबह जैसे ही बंदी अपने घर पहुंचा, पुलिस ने छापा मारकर उसे दबोच लिया। सीओ का कहना है कि बंदी अल्ताफ को गिरफ्तार कर फिर जेल भेज दिया गया है। वहीं सिपाहियों के खिलाफ अभी जांच चल रही है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।