रायबरेली। जिले में बाइक से घूमकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिरों को पुलिस ने दबोचा है। पकडे़ गए बदमाशों ने बीती 21 फरवरी को डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में बाइक से बाजार जा रही महिला को रोककर जेवर लूटने का प्रयास किया था। महिला के शोर मचाने पर शातिरों को दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे बरामद किए हैं।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सहमदा निवासी अंजनी कुमार बाजपेयी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन 21 फरवरी को बाजार जा रही थी।
तभी रास्ते में बाइक सवार युवकों ने जेवर लूटने का प्रयास किया था। एसपी ने बताया कि महिला के शोर मचाने पर लालगंज कोतवाली क्षेत्र के देवगांव महेश कुमार व रज्जनलाल लोध को गिरफ्तार कर लिया गया है। बदमाशों के पास से दो तमंचे बरामद हुए हैं।
15 हजार का इनामी पकड़ा
मिल एरिया थाने की पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी ओंकार पासी को गिरफ्तार किया है। ओंकार मिल एरिया थाना क्षेत्र के ही हैबतपुर गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।