हरचंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई, जब सभी इलाहाबाद से बाराबंकी जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चालक की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
बाराबंकी जिले के आजाद नगर निवासी विजेंद्र कुमार रावत कार से इलाहाबाद में बेनीगंज अपनी ससुराल गया था। विजेंद्र के साथ उसकी मां शकुंतला देवी, बहन रीना और भांजा रोहित भी था। रविवार को सभी बाराबंकी वापस जा रहे थे। विजेंद्र कार चला रहा था। लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर डिडौली के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क के किनारे पलट गई। इससे कार सवार सभी लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां विजेंद्र की हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी। इस वजह से बेकाबू होकर पलट गई।