खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा भरे गए मिल्क इलायची रस्क, दूध व बूंदी के लड्डू के नमूने जांच में फेल आ गए हैं। विभाग ने दुकानदारों के खिलाफ मुकदमे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रस्क के निर्माता समेत चार कारोबारियों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
एफएसडीए की ओर से बीते मंगलवार को खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए थे। जांच में ये नमूने फेल आए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार ने खीरों रोड सेमरी चौराहा पर हीरालाल की दुकान से मिल्क इलायची रस्क का नमूना फेल आया था। रस्क के पैकेट पर बैच नंबर न मिलने पर नमूना फेल हुआ है। मामले में दुकानदार हीरालाल व निर्माता गोपाल ब्रेकरी लालगंज को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है।
इसके अलावा हमीरमऊ उत्तरपारा से विश्वनाथ के दूध का नमूना भरा था। दूध में पानी की मिलावट मिली है। दूधिये को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। आईटीआई के गेट पर रघुवीर यादव की दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया था।
यह नमूना भी फेल आने के बाद दुकानदार को नोटिस दी गई है। अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि नमूने फेल आने के बाद दुकानदारों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद एडीएम कोर्ट में मुकदमा किया जाएगा।
दवा की तीन दुकानों पर छापे, दो नमूने भरे
औषधि सुरक्षा अधिकारी सुमित वर्मा की टीम ने सूची गुरुबख्शगंज व खीरों में दवा की तीन दुकानों पर छापे मारे। संदिग्ध मिली दो दवाओें के नमूने भरे। मेडिकल स्टोरों पर फार्मासिस्ट न मिलने पर अन्य कमियां मिलने पर तीनों मेडिकल स्टोर के संचालकों को नोटिस दिया गया है।
टीम ने सूची में प्रिंस मेडिकल स्टोर, नंदाखेड़ा गुरुबख्शगंज में अवस्थी मेडिकल स्टोर और न्यू द्विवेदी मेडिकल स्टोर खीरों में छापा मारा। न्यू द्विवेदी व अवस्थी मेडिकल स्टोर से एक-एक दवा का नमूना भरा। औषधि सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कमियां मिलने पर मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।