नसीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक शिवबालक पासी के पोते की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। कार्ड सत्यापन के दौरान गड़बड़ी को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर मामला बढ़ा। पोते की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के थौरी गांव से पूर्व विधायक की बहू प्रेमा देवी ग्राम प्रधान हैं। गांव में सुबह कार्ड सत्यापन को लेकर बैठक की थी। इसी दौरान नामों को लेकर गड़बड़ी की बात सामने आई। इस पर पूर्व विधायक के पोते कृष्ण वीर से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि ग्रामीणों ने कृष्णवीर की पिटाई कर दी।
पिटाई में उसे गंभीर चोटें आई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। थानेदार राम अवतार का कहना है कि दो लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।