सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब चलती वैन (मैजिक) आग का गोला बन गई। धू-धू करके वैन जलने लगी। वैन में सवार यात्रियों ने कूदकर जान बचाई।
सूचना पर दमकल के जवान और पुलिस पहुंची। दोनों तरफ का आवागमन ठप करा दिया गया। जवानों ने काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। शॉर्टसर्किट के चलते घटना का होना बताया जा रहा है।
दोपहर को एक वैन सवारियां भरकर जिला अस्पताल होते हुए बस स्टेशन की तरफ जा रही थी। वैन में महिलाएं समेत करीब आठ लोग सवार थे। जैसे ही वैन जीआईसी स्कूल के पास पहुंची, तभी उसके इंजन में आग लग गई।
देखते ही देखते वैन धू-धू करके जलने लगी। आग की लपटें देख लोगों में भगदड़ मच गई। वैन में सवार यात्रियों ने कूदकर किसी तरह जान बचाई। दहशत में आए यात्री भाग खड़े हुए। यही नहीं चालक भी गाड़ी छोड़कर भाग गया।
दमकल के जवान और पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों तरफ का आवागमन कुछ देर के लिए रुकवा दिया। जवानों ने आग को काबू में किया, लेकिन तब तक वैन जल चुकी थी।
एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। कोतवाल शैलेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्टसर्किट के चलते वैन में आग लगी। गाड़ी और चालक के बारे में जानकारी की जा रही है।