नसीराबाद थाना क्षेत्र में एक किसान की हत्या कर शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया गया। बुधवार सुबह उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के छोटे भाई ने थाने में तहरीर देकर भाई की हत्या कर शव ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया है। हत्या किए जाने की कोई वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पड़ताल कर रही है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे मेड़ई मजरे ओदारी गांव में निवासी राधेश्याम (40) पुत्र दर्शन किसानी करता था। मंगलवार शाम घर में खाना खाने के बाद वह बाहर निकला था। काफी रात होने पर भी वह नहीं लौटा था। परिवारीजनों ने रात में खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
बुधवार सुबह उसका शव गांव से 100 मीटर दूरी पर स्थित रायबरेली-प्रतापगढ़ रेल खंड पर पड़ा मिला। इसकी जानकारी घर वालों को हुई तो हड़कंप मच गया। सभी रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। परिवारीजनों का कहना है कि राधेश्याम की हत्या करने के बाद शव को ट्रैक पर फेंक दिया गया।
मृतक के छोटे भाई रामसजीवन ने कहा कि गड़े भाई की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या साबित करने के लिए हत्यारों ने शव को रेल ट्रैक पर फेंक दिया। एसओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि भाई की तहरीर पर शव को पीएम के लिए भेजा गया है।
पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। समाजसेवी छेदीलाल अग्रहरि पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी। छेदीलाल ने कहा कि राधेश्याम की हत्या का सच सामने आना चाहिए।
वहीं पति की मौत से पत्नी रज्जा देवी की हालत बिगड़ गई है। मृतक अपने पीछे बेटी महिमा (13), विमजा (10), लक्ष्मी (8), अंतिम (6) व पुष्पा (4) को छोड़ गया है। ये सभी पिता की मौत से गमगीन हैं।