चंडीगढ़ से मंगाई गई देशी शराब की नौ सौ पेटियां मटसेना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान विजयपुरा फाटक के समीप से पकड़ ली। शराब दस चक्का ट्रक में लदी थी। पुलिस ने तीन आरोपियों अमरीक सिंह निवासी सैलाखुर्द जिला हुशियारपुर, अजीत निवासी जसवाल मालपुर जिला हुशियारपुर पंजाब और रजनेश पुत्र उम्मेद सिंह निवासी नवादा थाना कुर्रा जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। शराब होली और चुनाव नतीजे के बाद होने वाले जश्न में खपाने की तैयारी थी। कोतवाल मटसेना ने बताया कि शराब पंजाब की है। इसको चंडीगढ़ से लादकर मैनपुरी ले जाया जा रहा था। बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से जानकारी की जा रही है अंदेशा है कि इस शराब को मंगाने के पीछे किसी प्रत्याशी की भी संलिप्तता है।