रायबरेली। लालगंज के ऐहार टोल प्लाजा पर गुरुवार रात दो एसयूवी सवार बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि दबंगों ने रंगदारी भी मांगी। शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो आरोपी अभी फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
टोल प्लाजा कर्मी अमरोहा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र निवासी लई अहमद ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम निहस्था गांव निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, प्रतापगढ़ जिले के कंधईथाना क्षेत्र के दरछुट निवासी प्रदीप सिंह, बेहटकलां निवासी दीपांक वाजपेयी, लालगंज निवासी नरेंद्र बहादुर एक सफारी कार (यूपी 70 ईयू 8084) से तथा एक अन्य कार से निहस्था निवासी शिवम तथा उसमें सवार उसके साथी ने गाली-गलौज के साथ मारपीट की।
जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी मांगी। डराने के लिए फायरिंग भी की, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। लई अहमद की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर राघवेंद्र सिंह, दीपांक वाजपेयी और प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आरोपियों के पास से पुलिस ने पिस्टल, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ है। एक एसयूवी को पुलिस ने सीज कर दिया है। जबकि आरोपी नरेंद्र व शिवम फरार हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।