फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सभासद व दो भाइयों को मारी गोली, गंभीर

Thu, 04 Feb 2016 11:56 PM IST
रायबरेली/ अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी जिले के जायस कस्बे में भूमि विवाद में बृहस्पतिवार को बवाल हो गया। दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। सभासद और उसके दो भाइयों को गोली मार दी गई, जिससे तीनों घायल हो गए।
विज्ञापन


यही नहीं दूसरे पक्ष के भी एक व्यक्ति को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बवाल से अफरातफरी मच गई। दोनों पक्ष के लोग पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया। बवाल के मद्देनजर तनाव होने पर पुलिस तैनात कर दी गई है।

पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जायस कस्बे के शेखाना मोहल्ला निवासी एवं सभासद शकील भूमि पर निर्माण कार्य करा रहा था।

इसी बीच दूसरे पक्ष के मो. वसीम अन्य लोगों के साथ पहुंच गया। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी भूमि बताने लगे। इसको लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते बवाल हो गया।
विज्ञापन


दोनों पक्षों से लाठी-डंडे चलने लगे। यही नहीं एक पक्ष से असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग से सभासद के दाहिने हाथ, उसके भाई सोहेल के सिर के पास और भाई गुड्डू के हाथ में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इससे भड़के लोगों ने दूसरे पक्ष के मो. वसीम को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। बवाल से दोनों पक्ष के लोग एकत्र हो गए। हंगामा भी किया।

घटना की सूचना मिलते ही जायस कोतवाल पीके तिवारी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने घायल सभासद और उसके दो भाइयों और दूसरे पक्ष के वसीम को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जायस भेजा।

जहां सभी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उनको जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। घायल सभासद का कहना है कि उसने भूमि का बैनामा कराया है।

निर्माण कार्य करा रहा था, तभी वसीम समेत अन्य लोग पहुंचे और मारपीट के साथ फायरिंग शुरू कर दी। वसीम का आरोप है कि भूमि उसकी है। निर्माण कार्य रुकवाने पर सभासद समेत अन्य लोगों ने मारपीट की।

दो पक्षों में बवाल के चलते शेखाना मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। कोतवाल पीके तिवारी का कहना है कि भूमि विवाद के चलते बवाल हुआ है।

एक पक्ष से सगीर अहमद ने मो. वसीम उर्फ लल्ला, तहजीब, इमरान, महफूज, कल्वे अली, शहशांह और 10-15 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।

जिस पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तनाव के मद्देनजर घटनास्थल पर सिपाही तैनात कर दिए गए हैं।

वहीं नसीराबाद रोड स्थित कासिम हॉल्ट के पास हुए बवाल के बाद सन्नाटा पसर गया। दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए और सभी मौके से भाग निकले।

दहशत इतनी थी कि घटना की बाबत आसपास के लोग कुछ बोलने को तैयार नहीं थे। सीओ तिलोई मधुबन कुमार सिंह, एसडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी भी घटनास्थल पहुंचे और घटना की पड़ताल की।

सीओ का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसडीएम का कहना है कि भूमि किसकी है, इस बारे में जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें