गुरुबख्शगंज गांव में शुक्रवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची इलाहाबाद में पुलिस विभाग में तैनात सिपाही एवं मृतका की बहन ने जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका की बहन ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगा थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने पति व देवर को हिरासत में ले लिया है।
इलाहाबाद में पुलिस विभाग में तैनात सिपाही मोनी ने बताया कि हरचंदपुर थाना क्षेत्र के महिपतखेड़ा मजरे डिघौरा गांव की रहने वाली उसकी बहन सोनी की शादी 2013 में नई बस्ती गुरुबख्शगंज गांव के जितेंद्र पुत्र बैजनाथ के साथ हुई थी। शनिवार को उसको सूचना मिली की उसकी बहन सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस पर वह बहन के घर पहुंची तो वह मृत अवस्था में मिली।
मोनी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोनी ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। दहेज न मिलने पति और देवर ने मिलकर उसे मार डाला। वहीं मृतका के पति जीतेंद्र और परिवारीजनों का कहना है कि सोनी की मौत बीमारी से हुई है।
एसओ विनोद सिंह का कहना है कि मृतका की बहन ने तहरीर देकर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पति व देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट व जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी। मृतका सोनी अपने पीछे तीन वर्षीय बेटे निहाल को छोड़ गई है। अब उसका सहारा कौन बनेगा, यही सोचकर हर कोई परेशान है। बहन मोनी अपने आंसू नहीं रोक पा रही थी।
कहती है कि सब कुछ अच्छा चल रहा था। उसकी बहन को मार दिया गया। उसे इंसाफ चाहिए और पुलिस मामले में कार्रवाई करे। इस मामले में एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि विवाहिता की बहन ने हत्या की तहरीर दी है, जिसकी जांच एसओ गुरुबख्शगंज से कराई जा रही है। मामले में उचित कार्रवाई करके पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा।