डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने पावर कॉर्पोरेशन के फ्रेंचाइजी और उसके साथी पर फायर झोंक बैग में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये और रसीद बुक लूट ली। फ्रेंचाइजी रसूलपुर धरावां गांव में बिजली कैंप से वसूले गए रुपये को लेकर वापस आ रहा था।
सूचना पर यूपी 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल फ्रेंचाइजी को सीएचसी डलमऊ में इलाज कराया है। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर धरावां गांव में बिजली कैंप लगा था। इसमें बकाया उपभोक्ताओं का बिजली बिल जमा कराया गया।
शाम को फ्रेंचाइजी ब्रज किशोर शुक्ला व सतीश कुमार बैग में कैश और रसीद बुक लेकर बाइक से लोट लौट रहे थे। धर्मापुर गांव के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने बाइक सवार फ्रेंचाइजी पर फायर झोक दिया। लगातार तीन फायर किए।
इससे पीछे बैठा सतीश कुमार श्रीवास्तव गिर पड़ा। इस पर बदमाश बैग लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके पहले बदमाश भाग निकले। पुलिस ने घायल फ्रेंचाइजी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया।
फ्रेंचाइजी ब्रज किशोर ने बताया कि बैग में लगभग डेढ़ लाख रुपये और रसीद बुक थी, जिसे बदमाश लूटकर फरार हो गए हैं। सीएचसी के चिकित्सक पीके गुप्ता ने बताया कि गोली लगने से फ्रेंचाइजी घायल नहीं हुआ है, बाइक से गिरने से वह घायल हुआ है।
घटना के बाद मौके पर न तो कोतवाली पुलिस पहुंची और न ही गदागंज पुलिस। इससे साफ जाहिर है कि पुलिस आपराधिक घटनाओं पर काबू करने में किसी तरह गंभीर है। कोतवाली पुलिस ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि मामला हमारी कोतवाली क्षेत्र का नहीं है।
कोतवाल विजय प्रताप ने बताया कि घटना गदागंज थाना क्षेत्र में हुई है। उधर गदागंज एसओ हंसराज यादव ने बताया कि जानकारी हुई है। मौके पर पहुंचने के बाद ही पता चलेगा कि घटना कहां हुई है।