खिजराबाद। ताजेवाला के पास बेरी बाडा के पास काली मंदिर के संतों के साथ 18 जनवरी को हुई लूूटपाट के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों से लूटपाट में चोरी की गई रकम और डंडे, हथियार आदि भी बरामद कर लिए हैं। मामले में अभी तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
खिजराबाद थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि जगाधरी पौंटा एनएच 73ए पर स्थित काली माता मंदिर के संतों से 18 जनवरी दो आरोपियों ने लूटपाट की थी। उनका कहना है कि उनके मंदिर में घुस कर पांच आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के वक्त उन्होंने पांच आरोपियों में से दो की पहचान कर ली थी। मंदिर के मंहत यमुनापुरी ने अपनी शिकायत में दो को नामजद करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में नामजद फैजपुर निवासी राकिब और शमशाद को हिरासत में ले लिया है। दोनों आरोपियों को पुलिस को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया। उनका कहना है कि दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई थी। जिसमें थाना प्रभारी विपिन, एएसआई ओमप्रकाश गुर्जर, हैड कांसटेबल नवतेज शामिल रहे। उनका दावा है कि शीघ्र ही अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया जाएगा।
क्या है मामला
18 जनवरी की रात करीब 12 बजे पांच युवक मुंह पर कपड़ा लपेट कर नेशनल हाईवे पर ताजेवाला के पास बेरी बाडा के काली माता मंदिर में आए। उन्होंने मंदिर के संत यमुनापुरी के कान पर देसी कट्टा रख कर उनके पास रखे लगभग 18000 रुपये छीन लिए थे। बदमाशों ने मंदिर की मूर्तियों के साथ भी तोड़फोड़ की और मंदिर के पास बनी दिवंगत संत छोटूनाथ की समाधि को भी खुर्दबुर्द कर दिया।