रायबरेली में सोमवार को हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पैड़ेपुर गांव में महिला की हुई हत्या के बाद बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
हरचंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक महिला की हत्या कर दी गई। वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि सात फेरे लेने वाले पति ने ही अंजाम दिया। दवा कराने को लेकर मामूली सी बात पर हुए विवाद में आरोपी ने डंडे से प्रहार करके पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नगर पालिका रायबरेली में संविदा सफाई कर्मी पद पर तैनात है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पैड़ेपुर गांव निवासी काली प्रसाद नगर पालिका रायबरेली में सफाई कर्मी पद पर तैनात है। इधर, पैर खराब होने के कारण वह ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। उसका इलाज चल रहा था।
वह डंडा लेकर चल रहा था। उसकी पत्नी शिवदेवी (35) भी बीमार चल रही थी। बताया जा रहा है कि सुबह दवा कराने को लेकर दंपती में विवाद हुआ। बस इतनी सी बात पर सफाई कर्मी आपा खो बैठा और उसने पत्नी शिव देवी पर डंडे से प्रहार कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से शिवदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना उसके बेटे रोहित ने थाने में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्यवाहक थानेदार श्रीराम पांडेय का कहना है कि दवा कराने को लेकर विवाद हुआ था। इस पर काली प्रसाद ने पत्नी के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।