घटना के पीछे बाइक खड़ी करने को लेकर हुई मामूली कहासुनी बताई जा रही है। लोगों के एकत्र होने पर युवक भाग निकला। थानेदार पवन त्रिवेदी ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
मामले में केस दर्ज करने के साथ ही सीएचसी में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। सीएचसी में तैनात डॉ. अमित सचान शनिवार दोपहर कमरे के बाहर बैठकर मरीज देख रहे थे।
इसी बीच वहां आए एक युवक ने अपनी बाइक वहीं पर खड़ी कर दी। इसका वहां मौजूद कुछ लोगों और कर्मचारियों ने विरोध किया। इस पर युवक से कहासुनी होने लगी।
डॉक्टर के मुताबिक उसने झगड़े को समाप्त कराने की कोशिश की तो युवक ने उनसे अभद्रता की। यही नहीं अवैध असलहा निकाल लिया। धमकाया कि अस्पताल से बाहर निकलो गोली मार देंगे।
इसके बाद वह असलहा लहराते हुए वहां से भाग निकला। घटना से लोगों में दहशत इतनी थी कि कोई उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना पर थानेदार पवन त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और छानबीन की।
थानेदार पवन त्रिवेदी ने बताया कि डॉक्टर ने रोखा के रहने वाले रवि कुमार पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सुरक्षा को देखते हुए सीएचसी में सिपाहियों को भी तैनात कर दिया गया है।