फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानाचार्य को गोली मारकर लूटी बाइक, जाम-बवाल

Sat, 09 Jan 2016 11:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, आजमगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
दीदारगंज क्षेत्र के शहीदवारा गांव के पास शनिवार की सुबह शंकर जी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को गोली मारकर बदमाशों ने उनकी बाइक लूट ली। शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उधर, घटना से गुस्साए छात्रों ने बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कॉलेज के पास जाम लगा दिया।
विज्ञापन


पुलिस दल पहुंचा तो पथराव करने लगे, जिससे एसओ का सिर फट गया और सीओ को चोटें आईं। कई वाहन भी टूट गए। हमले के दौरान अधिकारियों के साथ मौजूद सिपाही भाग निकले।

दीदारगंज थाना क्षेत्र के डीहकैथौली गांव निवासी शिवप्रसाद मिश्र (56) शनिवार की सुबह कॉलेज जा रहे थे। साढ़े नौ बजे के करीब शहीदवारा गांव के पास पीछे से एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें बाइक रोकने को कहा। न रोकने पर बदमाशों ने गोली मार दी। पैर में गोली लगने से घायल शिवप्रसाद बाइक समेत गिर गए।
विज्ञापन


इसके बाद बदमाश उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। उन्हें सीएचसी फूलपुर ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उधर, वारदात से गुस्साए छात्र सड़क पर उतर आए और परिसर के बाहर दीदारगंज-सरायमीर मार्ग पर मेज कुर्सी रखकर सड़क जाम कर दिया। सीओ फूलपुर सत्येंद्र सिंह और एसओ दीदारगंज कुमुद शेखर सिंह फोर्स लेकर वहां पहुंचे। इस पर छात्र उग्र हो गए और नारेबाजी तेज कर दी। पुलिस आगे बढ़ी तो छात्र पथराव करने लगे।

पत्थर लगने से एसओ का सिर फट गया और सीओ के हाथ में चोट आई। उनकी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। दिनदहाड़े लूट और पुलिस अधिकारियों के घायल होने की सूचना पर  कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ डीआईजी रेंज रतन कुमार श्रीवास्तव, एसपी राकेश चंद्र साहू, एडीएम प्रशासन आशुतोष द्विवेदी और एसपी ग्रामीण अशोक वर्मा पहुंच गए। एडीएम के आश्वासन पर दो घंटे बाद छात्रों ने जाम समाप्त कर दिया। उधर, हमले के दौरान भागे सिपाहियों के खिलाफ डीआईजी ने जांच करके कार्रवाई की बात कही है।

सिपाहियों के पीठ दिखाने पर होगी कार्रवाई, अफसरों को भी फटकार : जब अधिकारी बवाल को काबू करने में जुटे थे उस दौरान छात्रों का उग्र रूप देखकर अधिकारियों को खतरे में डालकर उनके मातहत सिपाही भाग निकले। डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव ने इस पर घटनाक्रम की जांच कर एसपी से रिपोर्ट मांगी है।

जवाब आने के बाद दोषी सिपाहियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही है। डीआईजी ने बवाल में क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष के घायल होने में उनकी ही लापरवाही उजागर होने पर भी फटकार लगाई। बताया जाता है कि घटना के समय सीओ और एसओ दोनों लोगों ने हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर नहीं पहना था, न ही बवाल काबू करने के  लिए अन्य आवश्यक उपकरण ही थे।

बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गईं हैं। जल्द ही गिरफ्त में होंगे। बवाल की रिपोर्ट मांगी गई है। दोषियों में कार्रवाई होगी। _ रतन कुमार श्रीवास्तव, डीआईजी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें