इलाहाबाद बैंक की मॉडर्न रेल कोच कारखाना शाखा में शनिवार रात चोरों ने स्ट्रांग रूम का दरवाजा काटकर चोरी करने का प्रयास किया। लेकिन इसमें वे सफल नहीं हुए और बैंक का मेन गेट खुला छोड़कर भाग खड़े हुए।
घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। सूचना पर लखनऊ से आकर उच्च अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी ली।
शाखा प्रबंधक सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह छह बजे फोन पर किसी ने सूचना दी कि बैंक का मेन गेट खुला हुआ है और भीतर कोई नहीं है।
इसकी सूचना उन्होंने तत्काल बैंक के उच्चाधिकारियों, पुलिस और कांप्लेक्स के मालिक राजकिशोर सिंह को दी। सीओ रामअर्ज और कोतवाल धनंजय सिंह ने भी बैंक पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
सीओ ने बताया कि स्थापना के छह माह बाद भी बैंक में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। चोर बैंक के मेन गेट के पांच ताले और एक अंदर के दरवाजे का ताला तोड़कर घुसे थे।
देखने पर पता चला कि चोरों ने बिजली का मेन स्विच बंद कर दिया था और स्ट्रांग रूम के दरवाजे के पास लगा हूटर का तार भी काट दिया था। बदमाशों ने स्ट्रांग रूम के दरवाजे को ब्लेड से काटने का प्रयास किया।
लखनऊ से आए बैंक के मुख्य प्रबंधक सुरक्षा कैप्टन एससी शर्मा व वरिष्ठ प्रबंधक संमिकित एके सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम का दरवाजा बेकार हो गया है। इसे तत्काल बदले जाने का निर्देश दे दिया गया है।
बदमाशों की इस कारगुजारी से बैंक को करीब डेढ़ लाख रुपये का चूना लगा है। सीसीटीवी कैमरे न लगे होने की बाबत पूछने पर दोनों अफसरों ने बताया कि पावर बैकअप की समस्या के कारण अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए थे।
कैमरे लगाने के लिए भी कवायद शुरू कर दी गई है। अभी तक बैंक के पास अपना बिजली का कनेक्शन नहीं है। डीजी सेट के सहारे ही बैंक का कामकाज चलता है। सीओ रामअर्ज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी गई है।