अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र में एक युवक के खाते से दूसरे के खाते में एक लाख 17 हजार 174 रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित ने सोमवार को फुरसतगंज थाने में तहरीर दी है। पीड़ित ने बैंक कर्मियों के खिलाफ रुपये ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है।
खालिसपुर गांव निवासी अली हसन ने बताया कि उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक की शाखा फुरसतगंज में है। उसके खाते में एक लाख 17 हजार 174 रुपये थे। 7 दिसंबर से 28 दिसंबर के बीच उसके खाते से पूरा रुपया दूसरे के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया।
यह पूरा रुपया एटीएम और चेक के जरिए किया गया है। पीड़ित ने बताया कि बैंक से उसे न एटीएम दिया गया है न ही चेकबुक दी गई है। फिर रुपया कैसे दूसरे के खाते में ट्रांसफर हो गया। पीड़ित ने बैंक के कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने अमेठी के डीएम और एसपी को भी शिकायती पत्र भेजकर शिकायत की है। उधर, शाखा प्रबंधक अंबर रूपानी ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। मैं छुट्टी पर हूं। अन्य स्टाफ को इस मामले में जांच करने में लगाया गया है। 70 हजार रुपया रिकवर भी कर लिया गया है। रुपया दूसरे के खाते में कैसे गया है। इसकी जांच कराई जाएगी। एसओ रामऔतार ने बताया कि तहरीर मिली है जांच शुरू कर दी गई है।